उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी ‘मसूरी शेरू क्लासिक’, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
📍 देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के आगामी सीजन में पहली बार मसूरी शेरू क्लासिक फ्रेंचाइजी टीम हिस्सा लेगी। राजपुर रोड स्थित होटल अकेता में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम प्रबंधन ने अपने विजन और तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है।
🏆 टीम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह टीम के को-ओनर हैं। टीम के ओनर अरुण कुमार हैं, जबकि विकास रावत भी को-ओनर के रूप में जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं आईपीएल स्टार प्रदीप सांगवान टीम के मेंटर होंगे, जिससे खिलाड़ियों को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
💪 शेरू अंग्रीश ने कहा कि शेरू क्लासिक देश का सबसे बड़ा बॉडीबिल्डिंग शो आयोजित करता है, जहां से खिलाड़ी मिस्टर ओलंपिया जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचते हैं। अब संस्था क्रिकेट के क्षेत्र में भी युवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर आई है।
🏟️ टीम के ओनर अरुण कुमार ने बताया कि 18 सितंबर से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। सभी मुकाबले डे-नाइट होंगे और उनका सीधा प्रसारण Sony Sports पर किया जाएगा।
🎯 खिलाड़ियों के चयन के लिए जुलाई में ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। ये ट्रायल्स गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में होंगे, जो टीम की आधिकारिक पार्टनर अकादमी है। अकादमी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा और क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का कार्य भी कर रही है।
🌟 को-ओनर विकास रावत ने प्रदेशभर के युवाओं से ट्रायल्स में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि टीम का उद्देश्य उत्तराखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाना है।
🤝 प्रेस वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा तथा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण रौतेला वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।