उत्तरकाशी आपदा राहत कार्यों की समीक्षा हेतु CM धामी की उच्च स्तरीय बैठक, दिए त्वरित रेस्क्यू और बहाली के निर्देश
उत्तराखंड के जनपद उत्तरकाशी में हालिया आपदा के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज DG ITBP, DG NDRF और DGP उत्तराखंड पुलिस के साथ सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, ज़मीनी चुनौतियों और सभी एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को और मज़बूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित इलाकों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने, फंसे हुए लोगों के शीघ्र रेस्क्यू और दुर्गम क्षेत्रों में रेस्क्यू टीमों की तैनाती पर ज़ोर दिया। उन्होंने हेली लिफ्टिंग ऑपरेशंस को तेज़ करने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संचार, बिजली और सड़क संपर्क की शीघ्र बहाली को प्राथमिकता देते हुए कहा कि राहत सामग्री की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें और फील्ड में मौजूद टीमों के साथ सतत संपर्क बनाए रखें।
बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय से निरंतर संपर्क बनाए रखने और केंद्र सरकार के सहयोग से राहत कार्यों को और तेज़ करने पर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित हर व्यक्ति के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
वर्तमान में उत्तरकाशी के कई क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन राज्य प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों की टीमें लगातार मोर्चे पर डटी हुई हैं।