मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः उत्तरकाशी में आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, 65 से अधिक लोगों का हेली रेस्क्यू सफल
— सरकार रेस्क्यू और राहत कार्यों को बना रही और अधिक प्रभावी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः उत्तरकाशी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों से हेली रेस्क्यू कर लाए गए लोगों से भेंट की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज प्रातः से अब तक 65 से अधिक लोगों को सुरक्षित रूप से धराली क्षेत्र से हेलीकॉप्टर द्वारा रेस्क्यू कर मातली और उत्तरकाशी लाया गया है।
आपदा से प्रभावित लोगों ने सरकार के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आपदा में फंसे प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को आवश्यक राहत और मदद तत्परता से प्रदान की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने आज सुबह उत्तरकाशी में NDRF, SDRF और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धराली क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हेली रेस्क्यू ऑपरेशन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संचार, बिजली, पेयजल और खाद्यान्न आपूर्ति की शीघ्र बहाली हेतु सघन निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “रेस्क्यू ऑपरेशन में 24 घंटे डटे सभी जवानों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साहस और समर्पण को मैं नमन करता हूं। विषम परिस्थितियों में इन दलों की निष्ठा और कार्यकुशलता आपदा प्रबंधन का अनुकरणीय उदाहरण है।”
राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से आवश्यक सामग्री की आपूर्ति शुरू कर दी है। साथ ही, बंद सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
उत्तरकाशी की जनता और रेस्क्यू किए गए लोगों के लिए मुख्यमंत्री धामी की यह सक्रियता सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाती है।