साउथ एशियन कराटे चैम्पियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा, मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मान
📍 नई दिल्ली, 8 जुलाई 2025 –
उत्तराखंड निवास, नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज “नवीं साउथ एशियन कराटे चैम्पियनशिप” में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के तीन खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के हौसले, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें राज्य का गौरव बताया।
2 से 6 जुलाई 2025 तक श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित हुई इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 59 पदक (23 स्वर्ण, 24 रजत, 12 कांस्य) जीतकर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में उत्तराखंड के तीन युवा खिलाड़ियों का योगदान भी उल्लेखनीय रहा।

उत्तराखंड के चंपावत जिले की अनामिका बिष्ट ने कैडेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। डोईवाला, देहरादून की मैत्री बलूनी ने अंडर-21 कुमीते प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि देहरादून के ही क्रियांश कौशिक ने अंडर-12 कुमीते में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इन तीनों खिलाड़ियों का चयन 12 से 15 जून को देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी इन खिलाड़ियों ने अपनी ताकत दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धरती पर खेलों की समृद्ध परंपरा रही है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा व प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल उपकरणों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता के लिए सहायता बढ़ाई जा रही है, ताकि युवा प्रतिभाएं और अधिक ऊंचाइयों को छू सके।