CSC दिवस पर सीएम धामी ने उत्कृष्ट वीएलई को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में आयोजित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) दिवस-2025 के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस मौके पर सीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई (VLE) को CSC VLE पुरस्कार से सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि सीएससी अब बदलाव का प्रतीक बन चुका है, जो देश के कोने-कोने तक पहुंच चुका है। ये आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने का एक मजबूत माध्यम बन चुका है। सीएससी के माध्यम से अब गांवों तक डिजिटल सेवाएं पहुंच रही हैं और ग्राम पंचायतें डिजिटल पंचायतों में परिवर्तित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में सीएससी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। यहां के सीएससी संचालक ग्राम स्तर पर आमजन के जीवन को सरल व सुगम बना रहे हैं। राज्य में 13,000 से अधिक सीएससी कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से यूसीसी पंजीकरण, प्रमाण पत्र जारी करने, डिजिटल ट्रांजेक्शन आदि कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में साइंस-बेस्ड नॉलेज इकोनॉमी को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता अब धरातल पर नजर आ रही है। भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाला देश बन गया है और छोटी से छोटी दुकान में भी डिजिटल भुगतान हो रहा है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, भगवान पाटिल, कृष्ण कुमार सिंह, अश्विनी कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।