रैका पट्टी क्षेत्र के पीड़ितों की मदद को आगे आए भाजपा नेता शिव सिंह बिष्ट, साथ में सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल और ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर रावत
टिहरी गढ़वाल।
प्रतापनगर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने ग्रामीणों के लिए संकट खड़ा कर दिया है। ग्राम पंचायत ओखला के आठ परिवारों के घरों को नुकसान पहुँचा है, वहीं झिंवाली गांव में श्री टिकम सिंह रावत के आंगन और गोदड़ी क्यारकी सहित रैका पट्टी क्षेत्र में भी भारी तबाही मची है। आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं निर्वतमान जिला पंचायत प्रतिनिधि शिव सिंह बिष्ट जी आगे आए और जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने, खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने तथा संकट में फंसे मवेशियों के लिए सुरक्षित स्थान और चारे की व्यवस्था करने की मांग की गई।

इस अवसर पर भाजपा के सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल और भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष धर्मवीर रावत भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने भी शिव सिंह बिष्ट के साथ मिलकर प्रशासन से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सदैव जनता के साथ खड़े हैं और इस संकट की घड़ी में किसी भी परिवार को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रतापनगर के तहसीलदार को दूरभाष पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने तीनों नेताओं की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि आपदा के समय जब नेता जनता की आवाज़ बनकर आगे आते हैं, तो पीड़ित परिवारों को राहत और सहायता की उम्मीद मजबूत होती है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि शिव सिंह बिष्ट, रामलाल नौटियाल और धर्मवीर रावत की कोशिशों से उन्हें जल्द ही उचित राहत और सहयोग प्राप्त होगा।
शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा जनता की सेवा और सहायता के लिए समर्पित है और उनकी प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दिलाई जाए। वहीं रामलाल नौटियाल और धर्मवीर रावत ने भी आश्वस्त किया कि वे लगातार प्रशासन और सरकार तक ग्रामीणों की आवाज़ पहुँचाते रहेंगे, ताकि किसी भी पीड़ित परिवार को उपेक्षित न होना पड़े।