मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
“हर गांव में हो सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, हर ब्लॉक में एक स्मार्ट गांव विकसित किया जाए”
देहरादून, सचिवालय –
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ग्राम्य विकास विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक गांव में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना सुनिश्चित की जाए ताकि गांवों में स्वच्छता और सतत विकास सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ को और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने पर ज़ोर दिया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में कम से कम एक ‘स्मार्ट गांव’ विकसित किया जाए, जहां सभी परिवार रोजगार से जुड़े हों और उन्हें पेयजल, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने के लिए नवाचार, तकनीक और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए।