मातली और धनारी में किशोर भट्ट ने मांगा जनसमर्थन, भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील
उत्तरकाशी, बुधवार:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने आज मातली और धनारी जिला पंचायत सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने दोनों क्षेत्रों में आयोजित रैलियों और सभाओं को संबोधित कर जनता से विकास और स्थायित्व के लिए भाजपा के साथ खड़े होने की अपील की।
मातली क्षेत्र में आयोजित एक रैली में श्री भट्ट ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री हीरा लाल जी के समर्थन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “श्री हीरा लाल जी एक सुशिक्षित, अनुभवी और समाज में सम्मानित व्यक्ति हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ अब समाज को मिलना चाहिए। उनके नेतृत्व में मातली क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलेगी।”
इसके उपरांत उन्होंने बौन गांव में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि “भाजपा समर्थित प्रत्याशी होने के नाते श्री हीरा लाल राज्य सरकार और प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बना पाएंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास के कामों को मजबूती मिलेगी।” उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे हीरा लाल जी को अपना समर्थन दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

इसके बाद किशोर भट्ट ने धनारी जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीपली धनारी में आयोजित इस सभा में उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती अंशिका जगूड़ी के समर्थन में मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि “युवा और कर्मठ प्रत्याशी अंशिका जी क्षेत्र के लिए एक नई ऊर्जा लेकर आएंगी। धनारी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका विजयी होना आवश्यक है।”
आज के इन चुनावी कार्यक्रमों में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री नागेंद्र चौहान, गंगोत्री विधायक श्री सुरेश चौहान, राज्य सरकार में दायित्वधारी श्री रामसुंदर नौटियाल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. स्वराज विद्वान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, प्रेम भट्ट, राजेश राणा, महावीर नेगी, विक्रम पंवार, महेश जगूड़ी, शंभू भट्ट, संजय पंवार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा में उत्साह और समर्थन को देखते हुए यह स्पष्ट है कि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।