ग्रीन एनर्जी और ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में उत्तराखण्ड अग्रसर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून, 28 जून 2025 | द भारत पल्स
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित ओएनजीसी कम्युनिटी सेंटर में आयोजित ऑल इंडिया ऑयल सेक्टर मीट कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार इकॉनमी, इकोलॉजी और टेक्नोलॉजी में संतुलन बनाते हुए ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
धामी ने बताया कि राज्य में चलाई जा रही मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना से स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। टिहरी, कोटेश्वर, पीपलकोटी, लखवाड़ और विष्णुगाड़ जैसी जल विद्युत परियोजनाएं उत्तराखण्ड को ऊर्जा हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही, जियोथर्मल ऊर्जा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार निरंतर संभावनाएं तलाश रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधन किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार होते हैं। भारत की ऊर्जा सुरक्षा में ओएनजीसी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो देश के कच्चे तेल का 70 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस का 84 प्रतिशत उत्पादन करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर और विकसित भारत का जो संकल्प रखा गया है, वह 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मार्गदर्शक है। देश में पेट्रोलियम भंडारों की स्थापना, ग्रीन हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों से भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन नेशन, वन ग्रिड योजना के तहत गैस पाइपलाइनों का विस्तार हो रहा है, बायो-सीएनजी प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं और उज्ज्वला योजना जैसी पहलें समाज में परिवर्तन ला रही हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तेल एवं गैस क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी द्वारा उत्तराखण्ड में किए गए कार्यों से राज्य को काफी लाभ प्राप्त हुआ है।

इस कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष हिरान्मय पंड्या, अनुपम, गोपाल जोशी, नीरज शर्मा, पवन कुमार, देवेंद्र बिष्ट, सुमित सिंघल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।