किशोर भट्ट ने रैथल में बटर फेस्टिवल में की शिरकत, सांस्कृतिक संध्या में झूमे लोग
उत्तरकाशी, 7 सितंबर। दयारा बुग्याल के आधार शिविर रैथल गांव में दयारा पर्यटन उत्सव समिति की ओर से आयोजित बटर फेस्टिवल धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भजन एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
रैथल पहुँचने पर किशोर भट्ट ने मां बघमुंडी जगदंबा मंदिर और क्षेत्र के इष्ट देव समेश्वर देवता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आपदा की परिस्थितियों के चलते बटर फेस्टिवल सीमित स्तर पर हुआ, लेकिन ग्रामीणों की मेहनत और परंपराओं के प्रति आस्था ने इस उत्सव को एक ब्रांड के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

उन्होंने पूर्व प्रधान मनोज राणा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और समर्पण से ही बटर फेस्टिवल आज देश-दुनिया में लोकप्रिय हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इस अनोखे मक्खन-मट्ठा की होली को बढ़ावा देने में दिए गए सहयोग का भी उल्लेख किया।

सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ उत्तराखंड में हाल की आपदाओं में हताहत लोगों को श्रद्धांजलि देकर किया गया। इसके बाद लोकगायिका रेशमा शाह, सुरेंद्र राणा, फौजी दीदा राम सिंह राणा, युवा गायक अरविंद चौहान समेत कई कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
किशोर भट्ट ने रैथल के ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि हाल के वर्षों में यह गांव पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है और इसका श्रेय दिवंगत चंदन सिंह राणा जैसे प्रेरणा पुंजों को जाता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, दयारा पर्यटन उत्सव समिति अध्यक्ष मनोज राणा, जिला पंचायत सदस्य अविनाश रावत, बबिता रावत, ज्योति राणा, ग्राम प्रधान रैथल बुद्धिलाल आर्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन कुशवाल, प्रधान नटीण सोना थनवान, मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, मंच संचालक सुरेश रतूड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।