राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट ने NIM उत्तरकाशी में किया पौधरोपण, संग्राहलय का किया भ्रमण
उत्तरकाशी, 14 जुलाई।
राज्य स्तरीय खेल परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त हेमराज बिष्ट ने अपने गढ़वाल प्रवास के दौरान आज उत्तरकाशी स्थित प्रतिष्ठित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) में पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाया। उन्होंने संस्थान परिसर में पौधरोपण कर राज्य को हरित और स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर गो सेवा आयोग के सदस्य धर्मवीर सिंह गुसाईं एवं सामाजिक कार्यकर्ता विवेक नौटियाल भी उपस्थित रहे।
श्री बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संरचना एवं भौगोलिक विशेषताएं इसे साहसिक खेलों की दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त बनाती हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान जैसे संस्थान न केवल राज्य का गौरव हैं, बल्कि यह युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से भी संवाद किया और साहसिक खेलों को लेकर उनकी रुचि एवं अनुभवों को साझा करने का अवसर दिया।
संस्थान के संग्राहलय का अवलोकन करते हुए, श्री बिष्ट ने विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों, एवरेस्ट फतह, और अन्य साहसिक यात्राओं से संबंधित दुर्लभ दस्तावेजों, चित्रों और उपकरणों को देखा। उन्होंने कहा कि यह संग्रह न केवल पर्वतारोहण इतिहास को जीवंत करता है, बल्कि भावी पीढ़ियों को इस क्षेत्र में प्रेरित करने का कार्य भी करता है।

पौधरोपण कार्यक्रम में श्री बिष्ट ने कहा, “आज जब पूरा विश्व पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से जूझ रहा है, ऐसे समय में पौधरोपण एक सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी बन जाती है। हमारी कोशिश है कि खेलों के माध्यम से भी हम युवाओं को प्रकृति संरक्षण और समाज निर्माण से जोड़ें।”
कार्यक्रम में NIM के प्रशिक्षक, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, खेलप्रेमी, युवा प्रतिभाएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण अभियान में सहभागिता कर पर्यावरण और खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया।

श्री बिष्ट ने अंत में कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के प्रत्येक कोने में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जाए और उन्हें उचित मंच प्रदान किया जाए, जिससे देवभूमि को खेलभूमि में बदला जा सके।