धराली आपदा पीड़ितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक मदद, मुख्यमंत्री समन्वयक किशोर भट्ट ने बांटे चेक
उत्तराखंड/गंगोत्री – बीते मंगलवार को खीरगंगा में आए सैलाब ने धराली गांव के लोगों का सब कुछ छीन लिया। इस भीषण आपदा में ग्रामीणों के घर, सामान और रोज़मर्रा की जिंदगी की आवश्यक वस्तुएं पानी और मलबे में बह गईं। आपदा के बाद से ही प्रदेश के मुख्य सेवक, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में वृहद स्तर पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
बीते दिन मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आज गंगोत्री विधायक श्री सुरेश चौहान, जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य और मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक श्री किशोर भट्ट ने धराली गांव पहुंचकर 98 परिवारों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।
चेक वितरण से पहले प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं और चुनौतियों के बारे में विस्तार से बातचीत की। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा आपदा पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे सामूहिक किचन में सभी के साथ दोपहर का भोजन किया गया, जिससे पीड़ितों को भावनात्मक और मानसिक संबल भी मिला।
इसके उपरांत किशोर भट्ट, विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने धराली क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। राज्य सरकार ने आपदा के तुरंत बाद रिकॉर्ड समय में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया था। एनडीआरएफ, सेना, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने हेली रेस्क्यू के माध्यम से घायलों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। साथ ही क्षेत्र को सड़क से जोड़ने का काम तेज़ी से चल रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धराली गांव और यहां के लोग उनके दिल के बेहद करीब हैं। “यह दुख मेरा व्यक्तिगत दुख है, और मैं पीड़ित परिवारों के साथ हूं। उनकी पूरी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है,” उन्होंने कहा।
एनडीआरएफ, पुलिस, सेना और प्रशासन की टीमें अभी भी मलबे में दबे लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। आपदा के घाव भरने में समय लगेगा, लेकिन सरकार का विश्वास है कि जल्द ही धराली गांव में फिर से जिंदगी मुस्कुराएगी।