मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया योगाभ्यास, प्रदेशवासियों से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
📍 मुख्यमंत्री आवास, देहरादून
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके साथ योग किया।
योग अभ्यास के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आंतरिक शांति और चेतना को जाग्रत करने की एक वैज्ञानिक विधा है। यह भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो समग्र जीवन पद्धति को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने सदैव मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता दी है, और योग हमारे सनातन जीवन दर्शन का मूल स्तंभ है। आज योग दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है और भारतीय जीवनशैली को वैश्विक मंच पर गौरव दिला रहा है।
उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाने के लिए प्रस्ताव रखा था, जिसे 177 देशों ने समर्थन दिया और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है, और राज्य सरकार की ओर से गांव-गांव तक योग को पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। योग के माध्यम से रोजगार सृजन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में नई योग नीति लागू की गई है, जिसका उद्देश्य उत्तराखण्ड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाना है।
🌿 “योग अपनाएं, निरोग जीवन पाएं” — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी