सीएम धामी ने वर्चुअली संबोधित की श्रीमद्भागवत कथा
हरिद्वार, 30 जून: मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार स्थित भीमगोडा में जगदीश स्वरूप विद्यानन्द आश्रम ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर परमपूज्य जगद्गुरु आचार्य श्री गरीबदास जी महाराज, श्रीब्रह्मसागर जी महाराज, स्वामी श्री अमृतानन्द जी, स्वामी राम जी महाराज, कथा व्यास श्री इन्द्रेश उपाध्याय जी सहित सभी संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि “संतों का संग और हरिकथा दोनों दुर्लभ हैं और सौभाग्य से ही प्राप्त होते हैं।”
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कोई सामान्य ग्रंथ नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण की दिव्य वाणी का साकार स्वरूप है, जो भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और धर्म का सार प्रस्तुत करता है। वर्तमान भौतिक युग में यह कथा मानसिक शांति और आत्म-साक्षात्कार का मार्ग दिखाती है।

सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति आज वैश्विक मंच पर गौरव पा रही है। उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण हेतु लगातार प्रयासरत है। केदारखण्ड-मानसखण्ड विकास, हरिपुर कालसी में यमुनातीर्थ का पुनरुद्धार, हरिद्वार-ऋषिकेश व शारदा कॉरिडोर निर्माण तथा दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज़ की स्थापना जैसे अनेक कार्य इस दिशा में किए जा रहे हैं।
इस भव्य अवसर पर व्यास श्री इन्द्रेश उपाध्याय, स्वामी भूपेन्द्र गिरी जी, महामंडलेश्वर निर्मला बा जी, स्वामी ऋषेश्वरानन्द जी, योगी आशुतोष जी महाराज व सुप्रसिद्ध गायक बी.प्राक भी उपस्थित रहे।