भारी बारिश पर सीएम धामी की सतर्क निगरानी, अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
21 जुलाई 2025 | देहरादून
✍️ The Bharat Pulse Bureau
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर अतिवृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने और अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा मार्ग पर यदि यातायात प्रभावित होता है, तो श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों पर भोजन, पानी एवं आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

एनडीआरएफ-एसडीआरएफ को अलर्ट पर रहने के निर्देश
सीएम धामी ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को किया जाए सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही, बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को शीघ्र खुलवाने की व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित सर्वोपरि रहेगा।