मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, राज्यहित के प्रस्तावों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से रानीखेत और लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को नगर पालिकाओं में विलय करने का अनुरोध किया, ताकि स्थानीय नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने धारचूला और ज्योतिर्मठ के सैन्य हेलीपैड को UDAN योजना (आरसीएस) के तहत नागरिक हवाई सेवाओं के लिए उपयोग की अनुमति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में आपदा राहत कार्यों के दौरान भारतीय वायुसेना की सेवाओं के लिए लगने वाले चार्जेस को माफ किए जाने का भी अनुरोध किया, जिससे आपातकालीन सेवाएं और अधिक सुलभ हो सकें।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने ग्वालदम–नंदकेसरी–थराली–देवाल–मुण्डोली–वाण मोटर मार्ग का अनुरक्षण कार्य भविष्य में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि यह मार्ग नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जो 2026 में आयोजित की जानी है और राज्य की धार्मिक-सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है।
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।