केंद्रीय वित्त मंत्री से मिले CM धामी, उत्तराखंड के लिए माँगे ₹15,637 करोड़ के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर, 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और उत्तराखंड के शहरी ड्रेनेज, जल आपूर्ति, बिजली पारेषण और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के लिए लगभग ₹15,637 करोड़ की परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर केंद्रीय वित्त मंत्री को जीएसटी सुधारों के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
शहरी विकास और बाह्य सहायतित परियोजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति का आग्रह किया। उन्होंने विभिन्न जनपदों हेतु तैयार लगभग ₹8,589 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को जल्द मंजूरी देने की मांग की। यह DPR अर्बन ड्रेनेज सिस्टम के सुधार एवं अपग्रेडेशन पर केंद्रित है।
इसके साथ ही, उन्होंने तीन प्रमुख बाह्य सहायतित परियोजनाओं की स्वीकृति का भी अनुरोध किया:
* सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन सुदृढ़ीकरण परियोजना (₹850 करोड़)
* जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ीकरण परियोजना (₹800 करोड़)
बाह्य सहायतित परियोजनाओं का कुल मूल्य लगभग ₹1,650 करोड़ है।
ऊर्जा और जल स्वच्छता की बड़ी परियोजनाएँ
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के त्वरित विकास और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने हेतु चार अन्य बड़ी परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति का भी आग्रह किया। इन परियोजनाओं में शामिल हैं:

* जल एवं स्वच्छता नगरीय अवसंरचना विकास परियोजना: ₹2,000 करोड़
* डीआरआईपी-III (बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना-III): ₹424 करोड़
* उत्तराखंड क्लाइमेट रेसिलिएंट इंट्रा-स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन सिस्टम डेवलपमेंट: ₹3,638 करोड़
* पावर डिस्ट्रीब्यूशन रिलायबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट: ₹1,566 करोड़
इन चार प्रमुख परियोजनाओं का सम्मिलित मूल्य लगभग ₹7,628 करोड़ है।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी विषयों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया।