ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
देहरादून, 23 जून 2025:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उन्हें खेल भावना की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन केवल प्रतियोगिता का नहीं बल्कि खेल भावना, एकता और शांति के मूल्यों का प्रतीक है। ओलंपिक प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय गौरव, समर्पण और साधना की मिसाल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का खेलों में परचम लहराना एक वास्तविकता बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने 2023 के एशियाई खेलों में भारत के 107 पदकों के रिकॉर्ड प्रदर्शन और ओलंपिक 2020 में 126 भारतीय एथलीटों की भागीदारी को देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र की सफलता बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में संपन्न 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां, खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट की स्थापना तेजी से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की खेल नीति के तहत:
- पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी में आउट ऑफ टर्न मौका
- खेल भत्ता, उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार
- राजकीय सेवाओं में 4% खेल कोटा
- मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3,900 खिलाड़ियों को लाभ
- मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना में 2,155 खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल और खेल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।