मुख्यमंत्री से मिले राज्य खेल परिषद उपाध्यक्ष हेम राज बिष्ट, साहसिक खेलों के विकास पर हुई चर्चा
देहरादून, 25 जुलाई 2025:
उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष श्री हेम राज बिष्ट ने हाल ही में 23 दिवसीय गढ़वाल मंडल प्रवास के उपरांत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से सौजन्य भेंट की। यह मुलाकात तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री आवास में सम्पन्न हुई, जिसमें उन्होंने प्रवास की विस्तृत रिपोर्ट साझा की और क्षेत्रीय विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
श्री बिष्ट ने मुख्यमंत्री को बताया कि गढ़वाल मंडल में साहसिक खेलों (Adventure Sports) की अपार संभावनाएं हैं। ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रिवर राफ्टिंग जैसे खेलों के ज़रिए युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा देने का अवसर मौजूद है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध रूप से कार्य करे तो उत्तराखंड साहसिक खेलों का राष्ट्रीय केंद्र बन सकता है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री बिष्ट के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने साहसिक खेलों को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए नीतिगत सहयोग और ढांचा विकसित करने का आश्वासन भी दिया।
श्री हेम राज बिष्ट ने अपने प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं और खिलाड़ियों से प्राप्त सुझावों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि गढ़वाल की धरती केवल आध्यात्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि खेलों और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत समृद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के अनुभवों को साझा करना और जनभावनाओं को सरकार तक पहुँचाना उनके लिए गर्व का विषय है।
रिपोर्ट: The Bharat Pulse