मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की की उच्चस्तरीय समीक्षा,
देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में टिहरी लोकसभा क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी माननीय विधायकगण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से लिया जाए और सभी कार्यों को शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म श्रेणियों में विभाजित कर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कार्यों की प्रगति से संबंधित समस्त जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय और माननीय विधायकगणों को समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में मानसून के समाप्त होते ही समस्त विधानसभा क्षेत्रों में सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति, जलसंवर्धन, स्वास्थ्य सेवाओं और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने गढ़वाल कमिश्नर को निर्देशित किया कि वह सभी जिलाधिकारियों और विधायकगणों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों की निरंतर निगरानी करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “हमारी सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि धरातल पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन और जनता को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है।”

अंत में मुख्यमंत्री धामी ने माननीय विधायकगणों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुँचाएं, जिससे सरकार और जनता के बीच विश्वास और भागीदारी और अधिक मजबूत हो सके।