नितिन गडकरी की अध्यक्षता में नागपुर में 2027 कुंभ मेले की तैयारियों पर उच्चस्तरीय बैठक
नागपुर (महाराष्ट्र)
2027 में नासिक और त्र्यंबकेश्वर में प्रस्तावित कुंभ मेले की भव्य तैयारियों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी की अध्यक्षता में नागपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, कुंभ प्रभारी मंत्री गिरीश महाजन, मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
नितिन गडकरी जी ने कहा कि कुंभ मेला भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, और इसे वैश्विक स्तर पर सुविधाजनक और भव्य बनाने की दिशा में ठोस प्रयास जरूरी हैं।
बैठक में विशेष रूप से नासिक, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी और शनि शिंगणापुर क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण, बाईपास निर्माण, फ्लायओवर, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, पार्किंग सुविधा, स्वच्छता, जल आपूर्ति, और श्रद्धालुओं के लिए आवास व्यवस्था जैसी योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।

गडकरी जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ के मद्देनजर सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह न केवल तीर्थयात्रियों के लिए, बल्कि राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास के लिए भी एक सुनहरा अवसर है।