भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी के चलते देहरादून में 10 जुलाई को सभी स्कूल रहेंगे बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन पोर्टल (NDAP) द्वारा 9 जुलाई, 2025 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने और अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों को 10 जुलाई, 2025 (बुधवार) को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी/जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक वर्षा और बिजली गिरने की आशंका के कारण जनपद में संवेदनशीलता बढ़ गई है, जिससे जनहानि और अन्य आपदा संभावित घटनाओं की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में एहतियातन जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को एक दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम से संबंधित अपडेट्स पर नजर रखें।
इस आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों को भेज दी गई है ताकि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जा सके।