सीएम धामी ने चम्पावत के विद्यार्थियों से बाल संवाद में किया सीधा संवाद, खेलों को बताया जीवन का अभिन्न हिस्सा
सीएम धामी ने चम्पावत के विद्यार्थियों से बाल संवाद में किया सीधा संवाद, खेलों को बताया जीवन का अभिन्न हिस्सा
🔹 टनकपुर | विशेष संवाददाता |
शनिवार को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित पर्यटक आवास गृह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाल संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत चम्पावत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में खेल गतिविधियों की प्रगति जानना और खिलाड़ियों से उनकी जरूरतों एवं सुझावों पर चर्चा करना रहा।
मुख्यमंत्री ने रा.इ.का. चम्पावत के गौरव, रा.इ.का. पाटी की प्रीति, रा.बा.इ.का. टनकपुर की कंचन, रा.इ.का. चौमेल के सागर और रा.बा.इ.का. चम्पावत की मोनिका से संवाद करते हुए खेल सुविधाओं, संसाधनों और प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। छात्रों ने बताया कि वे मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना से निरंतर लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे उन्हें अपने खेल कौशल को निखारने में सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी बराबर महत्व दें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड अब केवल देवभूमि नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समय प्रबंधन और कठिन परिश्रम को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य की नई खेल नीति एवं मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना इसके प्रभावी उदाहरण हैं। उन्होंने इन पहलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
इस अवसर पर चम्पावत, पाटी, चौमेल, टनकपुर और चमदेवल क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षण स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न सिर्फ छात्रों में उत्साह का संचार किया, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के लिए और अधिक आत्मविश्वास से भर दिया।