केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भेंट, निवेश और आपदा राहत के विषयों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखण्ड के समग्र विकास से जुड़े अनेक विषयों पर माननीय गृह मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत ₹3.50 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए थे, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। इस औद्योगिक प्रगति को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने पंतनगर–रुद्रपुर क्षेत्र में प्रस्तावित “उत्तराखण्ड निवेश उत्सव” में श्री अमित शाह जी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने राज्य में प्राकृतिक आपदाओं के कारण ऊर्जा विभाग को हुई क्षति के शत-प्रतिशत व्यय की एनडीआरएफ/एसडीआरएफ के माध्यम से भरपाई हेतु सहायता अनुदान में शिथिलीकरण का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने ऊधम सिंह नगर में कारागार एवं आवासीय परिसर की स्थापना हेतु ₹150.16 करोड़ तथा देहरादून में “Cyber Excellence Centre” की स्थापना हेतु ₹63.60 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी द्वारा प्रदेश हित में दिए गए सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।