हेमराज बिष्ट के गढ़वाल भ्रमण का शुभारंभ, कोटद्वार में भव्य स्वागत
कोटद्वार, उत्तराखंड:
राज्य स्तरीय खेल परिषद उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) हेमराज बिष्ट के गढ़वाल भ्रमण कार्यक्रम के प्रथम दिन कोटद्वार आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया।
कोटद्वार आगमन पर बीजेपी जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, नगर महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने बिष्ट का स्वागत कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर बिष्ट ने कहा कि कोटद्वार वासियों और संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए प्रेम, स्नेह और सम्मान से उनका हृदय गदगद और भावविभोर हो गया है।

उन्होंने कहा, “आप सभी का अथाह स्नेह और सतत सम्मान मेरे लिए एक अमूल्य निधि है। मैं आभार प्रकट करता हूं भारतीय जनता पार्टी का, जो विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और जिसने मुझे एक सामान्य कार्यकर्ता से राज्य मंत्री जैसे पद तक पहुँचाया। साथ ही मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष रूप से आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर यह जिम्मेदारी देकर मेरे जीवन को नई दिशा दी है।”
बिष्ट ने कोटद्वार की जनता और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें हमेशा एक भाई की तरह सम्मान और अपनापन दिया, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल सकते।
कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य, महिला मोर्चा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कोटद्वार में उनके स्वागत से यह स्पष्ट है कि संगठन और जनता के बीच उनका गहरा जुड़ाव है।
– द भारत पल्स